खाद्य मंत्री इमरान हुसैन की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फूड कमिश्नर को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। साथ ही इसकी जानकारी उपराज्यपाल को भी दे दी है। दरअसल, मंगलवार देर शाम नांगलोई की राशन की दुकान पर छापेमारी के दौरान राशन बिक्री में अनियमितता पाई गई थी। रिपोर्ट में इस तरह की गड़बड़ियों की पूरी जिम्मेदारी फूड कमिश्नर पर डाली गई है।
इमरान हुसैन ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर मंगलवार शाम नांगलोई इलाके की एक सरकारी राशन की दुकान पर छापेमारी की गई। 15 नवंबर के बाद इस दुकान के लिए 152 क्विंटल गेहूं और 38 क्विंटल चावल जारी किया गया था। अगले महीने की पहले पखवाड़े में इसे लाभार्थियों में बांटना था। छापेमारी के दौरान दुकान में राशन नहीं मिला। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस महीने कोई राशन दुकान पर उतरा ही नहीं।
हुसैन के मुताबिक राशन घोटाले का रोकने, छापेमारी करने की जिम्मेदारी फूड कमिश्नर की है। इसकी पूरी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को भेज दी है। इसके आधार पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से फूड कमिश्नर को हटाने का निर्देश मुख्य सचिव को दिया है। उन्होंने उपराज्यपाल से कहा है कि फूड कमिश्नर को हटा देना चाहिए।