दिल्ली पुलिस की जांच में सीबीएसई की 10वीं की गणित व 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा लीक मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। दोनों ही पेपर एक दिन पहले ही लीक हो गए थे और छात्रों व ट्यूटर के वाट्सऐप पर थे। पुलिस अब तक 30 से भी ज्यादा लोगों से पूछताछ के अलावा दिल्ली और एनसीआर में करीब 10 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी कर चुकी है। इनमें से अधिकतर पढ़ने वाले छात्र हैं या कोचिंग सेंटरों से संबंधित हैं। एक दर्जन से भी ज्यादा मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार सीबीएसई की परीक्षा प्रभारी से पुलिस ने चार घंटों तक पूछताछ की है। जानकारी यह भी आ रही है कि करीब 1000 छात्रों तक पेपर पहुंचा है।
विशेष पुलिस आयुक्त आरपी उपाध्याय ने कहा कि हम पेपर लीक की ट्रेल को खोजने की कोशिश कर रहे हैं। सीबीएसई ने अपनी शिकायत में राजेंद्र नगर के कोचिंग संचालक विक्की का नाम लिया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।
सीबीएसई अध्यक्ष से नाखुश मंत्रालय
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने सीबीएसई अध्यक्ष अनिता करवार समेत अन्य अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को एक घंटे बैठक में परीक्षा पत्र तैयार होने और उन्हें सेंटर तक पहुंचने की रिपोर्ट ली।
हालांकि मंत्रालय सीबीएसई अध्यक्ष के कामकाज से नाखुश है, क्योंकि बोर्ड ने स्वयं 5 को मार्च को छात्रों को अलर्ट करते हुए फर्जी वेबसाइटों से बचने की सलाह दी थी। इसके अलावा वाट्सऐप पर पेपर लीक का फुटेज आने के बाद सेंटरों में परीक्षा पत्र की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
जावडेकर ने सीबीएसई पेपर लीक को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए आश्वस्त किया कि इसके दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्हें इसकी वजह से प्रभावित होने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों के साथ सहानुभूति है। एक संवेदनशील अभिभावक होने के नाते वे बीती रात सो नहीं पाए।
आईआईटी विशेषज्ञों से फुलप्रूफ तकनीक पर सुझाव
सूत्रों के मुताबिक, पेपर लीक से प्रभावित 16 लाख छात्रों की दिक्कत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाराजगी के चलते अब मंत्रालय सीबीएसई परीक्षा फुलप्रूफ बनाने के लिए आईआईटी विशेषज्ञों से सुझाव ले रही है। जेईई एडवांस की परीक्षा आईआईटी प्रबंधन स्वयं लेता है, लेकिन उसकी सुरक्षा में सेंध नहीं लग पाती है। इसके अलावा जावडेकर ने अधिकारियों से दुनिया भर में परीक्षा में सेंध को रोकने के लिए अपनाई जा रही तकनीक पर रिपोर्ट मांगी है।
सब लीक, चौकीदार वीक
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार में परीक्षा माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस तरह की घटनाएं लाखों छात्रों के भविष्य को नष्ट कर देती हैं। उन्होंने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है। एक के बार एक लीक को लेकर मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘सब लीक, चौकीदार वीक’। इस बीच, कांग्रेस ने पेपर लीक मामले में एचआरडी मंत्री प्रकाश जावडेकर और सीबीएसई प्रमुख अनिता करवाल को पद से हटाने और इस मामले की हाईकोर्ट के जज से न्यायिक जांच कराने की मांग की है।
दोबारा परीक्षा लिए जाने की खबर सुनकर हम स्तब्ध रह गए। लीक किए गए पेपर कुछ छात्रों तक पहुंच गए तो इसकी सजा हम क्यों भुगतें।
- भाविका यादव, सेंट थॉमस स्कूल, दिल्ली की छात्रा
सीबीएसई के सभी पेपर परीक्षा से एक दिन पहले उपलब्ध थे। अगर दोबारा परीक्षा आयोजित करनी है तो सभी विषयों के लिए की जानी चाहिए।
- राहुल, 12वीं का छात्र
साल भर की तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले छात्र के लिए यह जानना काफी कष्टदायी है कि बगैर तैयारी के परीक्षा में बैठने वाला 90 फीसदी अंक हासिल करने का दावा कर रहा है। समझ में नहीं आता कि हमारी शिक्षा व्यवस्था इतना नीचे कैसे गिर सकती है।
- करण पॉल, एक अभिभावक