सीबीआई दिल्ली के लाजपत नगर में हुए अरुणांचल प्रदेश के छात्र नीडो तानिया की हत्या की जांच से इनकार कर सकती है। सीबीआई का मानना है कि एजेंसी के लिए इस मामले में जांच करने की ज्यादा गुंजाइश नहीं है।
यह एक ओपन एंड शट केस है। इसकी जांच दिल्ली पुलिस कर चुकी है। हालांकि अंतिम फैसले से पहले एजेंसी पूरे मामले की समीक्षा करेगी।
सीबीआई के शीर्षस्थ अधिकारी ने बताया कि सरकार इस मामले में एजेंसी से जांच चाह रही हैं। हालांकि सीबीआई को इस बाबत अधिसूचना अब नहीं मिली है।
अधिकारी के मुताबिक मामले की शुरुआती छानबीन में ऐसा कुछ नहीं मिला, जिसकी जांच में सीबीआई की जरूरत पड़े। दिल्ली पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे हत्या करार दे चुकी है और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।