मंगोलपुरी इलाके में फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। एक परिवार के सदस्यों ने पीड़ितों को ऊंची पहुंच का हवाला दिया और उनसे लाखों रुपये ठग लिए। पैसे वापस मांगने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस फर्जीवाड़ा और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बबीता परिवार के साथ मंगोलपुर कलां में रहती है। वह आंगनबाड़ी में कार्यरत है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि आंगनबाड़ी में उसके साथ एक सोनिया नाम की महिला काम कर रही थी। उससे दोस्ती हो गई। वर्ष 2019 में बातचीत के दौरान सोनिया ने उसे बबीता सेठी के बारे में बताया। उसने कहा कि बबीता की कई वीआईपी लोगों से जान पहचान है और वह अपनी जान पहचान से कई लोगों की सरकारी नौकरी दिला चुकी है। सोनिया ने उसे बबीता सेठी से मिलवाया।
बबीता सेठी ने बातचीत के दौरान उसे अपने फोन में कई नियुक्ति पत्र दिखाए और बताया कि नौकरी लगवाने के लिए उसे 25 लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। आरोप है कि बबीता सेठी उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों लगातार उसके पास आकर पैसे ले जाने लगे। पीड़ित के पड़ोसियों को जब नौकरी दिलाने की बात पता चली तो उन लोगों ने भी बबीता के जरिए आरोपियों से संपर्क किया। बबीता के मुताबिक उसने आरोपियों को 20 लाख रुपये दिए। जबकि आधा दर्जन पड़ोसियों ने 29 लाख रुपये दिए। पिछले साल तक आरोपी जब नौकरी दिला नहीं पाए तो पीड़ित उनसे पैसे वापस मांगने लगे।
आरोपी महिला ने बताया कि पैसे अन्य लोगों को दिए गए हैं। वहां से पैसे वापस होने पर उन्हें लौटा दिए जाएंगे। बाद में आरोपी पक्ष ने पीड़ितों के पैसा मांगने पर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। उसके बाद पीड़ितों ने पुलिस में उनकी शिकायत की।