डिजिटलाइजेशन के लिए शुरू किया गया फास्टैग अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। झज्जर में खड़ी गाड़ी का गुरुग्राम के खेड़कीदौला प्लाजा पर टोल कट गया। 8 फरवरी की देर रात जब वाहन चालक को खाते से टोल टैक्स भुगतान होने का मैसेज मिला तो उन्होंने घर से बाहर निकलकर गाड़ी को चेक किया।
गलत टोल टैक्स भुगतान होने की शिकायत एनएचएआई व बैंक अधिकारियों से करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है।
झज्जर के दादरी तोए निवासी पवन सैनी ने बताया कि उन्होंने अपनी आई-20 गाड़ी के लिए एचडीएफसी बैंक से फास्टैग लिया है। यह फास्टैग गाड़ी में चिपकाने के बाद वह अब तक केवल दो बार गाड़ी लेकर रोहतक गए हैं जहां टोल का फास्टैग से भुगतान किया है।
8 फरवरी को वह घर पर थे। रात करीब साढ़े 9 बजे मोबाइल पर मैसेज मिला, जिसमें खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर टोल टैक्स भुगतान के रूप में 65 रुपये खाते से काटे गए। मैसेज मिलते ही उन्हें लगा कि गाड़ी चोरी हो गई।