दिल्ली से ग्वालियर जाने के लिए किराये पर ली गई इनोवा कार को बदमाशों ने उड़ा लिया। बदमाशों ने रास्ते में इनोवा के ड्राइवर को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। होश में आने के बाद ड्राइवर ने खुद को आगरा के पास पाया।
मदद लेकर ड्राइवर वापस दिल्ली पहुंचा और नबी करीम थाने में इनोवा चोरी की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस के अनुसार अमृतलाल (30) सपरिवार खजूरी खास इलाके में रहता है। वह पीतमपुरा स्थित विवेक ट्रैवल्स कंपनी में ड्राइवर है।
अमृतलाल के मुताबिक 6 अगस्त को उसके पास चौहान ट्रैवल्स में काम करने वाले सुबे सिंह का फोन आया। उसने बताया कि एक सवारी को तीन दिन के लिए ग्वालियर जाना है। सुबे सिंह ने उसे धनंजय नाम के सवारी का फोन नंबर दिया।
फोन करने पर धनंजय ने उसे रात नौ बजे नबी करीम स्थित होटल सिटी स्टार के पास बुलाया। वहां करीब 35 साल का युवक अपने एक सहयोगी के साथ मिला। एक ने अपना नाम धनंजय बताया।
दोनों सवारियों को इनोवा कार पर बिठाकर वह ग्वालियर के लिए रवाना हुआ। यमुना एक्सप्रेस वे का टोल पार करने के बाद धनंजय ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी। जिसे पीने के कुछ देर बाद उसे चक्कर आने लगा।
अमृतलाल ने कार साइड में लगा दी। अगले दिन होश आने पर वह खुद को आगरा से आगे एक गांव के पास सड़क के किनारे पाया। कार के साथ-साथ बदमाश उसका मोबाइल और नगदी लेकर बदमाश फरार हो चुके थे। किसी तरह वह वापस दिल्ली पहुंचा और नबी करीम थाने में शिकायत दर्ज कराई।