ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्टेट सोसायटी में किड्स जोन और सेंटल पार्क के पास बनी पार्किंग का विरोध शुरू हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर विरोध हुआ है। सोसायटी के बुजुर्ग और महिलाओं ने मिलकर पार्किंग स्थल पर लिखे फ्लैटों के नंबरों को पेंट कर मिटा दिया है।
वहीं पार्किंग आवंटियों ने इसका विरोध किया है। मंगलवार को इस संबंध में उनकी सोसायटी इंचार्ज के साथ वार्ता होगी। निराला एस्टेट सोसायटी में 1,940 फ्लैट हैं। बिल्डर ने दिसंबर, 2016 में कब्जा देना शुरू कर दिया था।
इस समय सोसायटी में करीब 1200 परिवार रह रहे हैं। लोगों का आरोप है कि सोसायटी के अंदर किड्स जोन और सेंट्रल पार्क बना हुआ है। उसके पास जमीन खाली है।
बिल्डर ने उसका प्रयोग नहीं करने का वादा किया था, लेकिन हाल ही में बिल्डर ने उस जमीन पर पार्किंग बना दी और फ्लैट मालिकों को आवंटित कर दी। पार्क और किड्स जोन के पास 300 कारों की पार्किंग है। वाहनों के आने-जाने से बच्चों के साथ हादसा होने का खतरा बढ़ गया है।