वर्ष 2016 का पहला और अब तक के 16वां कार फ्री अभियान शहर में मंगलवार को काफी अहम रहा। सड़कों पर रोजाना दौडने वाली कारों की संख्या में कमी दिखी।
कार फ्री अभियान को दिल्ली सरकार के सम-विषम योजना का भी लाभ मिलता दिखा। राजीव चौक, इफ्को चौक और शंकर चौक पर विषम नंबर की कारें अधिक दिख रही थीं।
इसे देखकर लग रहा था कि यह नियम गुडग़ांव में भी लागू हो गया है। अभियान के दौरान पुलिस कमिश्नर कार्यालय से साइकिल रैली निकाली गई। रैली में शामिल हो डॉक्टरों ने भी अभियान को अपना समर्थन दिया।
इससे पहले कार फ्री अभियान को जजों का भी समर्थन मिल चुका है। अब डॉक्टरों के इस अभियान से जुडने से इसका दायरा बढ़ गया। नए वर्ष की पहले कार फ्री अभियान के लिए पुराने गुडग़ांव को चुना गया।
कार फ्री अभियान का अभी तक सबसे अधिक फोकस पॉश एरिया में था अब पुराने गुडग़ांव को भी तवज्जो मिलने लगी है। यही कारण है कि साइकिल की सवारी का रूट पूरी तरह से पुराने गुडग़ांव में रहा।
हुडा सिटी सेंटर, गोल्फ कोर्स रोड, शंकर चौक और उद्योग विहार में कारों की संख्या रोजाना से कम दिखी। कॉरपोरेट कंपनियों में भी कार से आने वालों की संख्या में 50 फीसदी से अधिक की कमी नजर आई।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय से साइकिल रैली सुबह निकली। जिसका नेतृत्व पुलिस कमिश्नर नवदीप सिंह विर्क ने किया। इसमें 25 डॉक्टरों ने भी हिस्सा लिया।