गाजियाबाद के वेवसिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह 8:30 बजे मुजफ्फरनगर से दिल्ली एयरपोर्ट जा रही वैगनआर कार बस से टकराकर अनियन्त्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर होने के बाद कार सवार पांच युवक घायल हो गये और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो को गंभीर अवस्था में दिल्ली जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, तीन को उपचार के बाद घर भेज दिया। पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
एसीपी सलोनी अग्रवाल ने जानकारी देकर बताया कि रविवार सुबह 8:30 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वैगनआर कार में पांच लोग दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर मुजफ्फरनगर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिये जा रहे थे। जब कार वेवसिटी थाना क्षेत्रांतर्गत बम्हेटा पेट्रोल पम्प के सामने पहुंची तो कार चालक ने बस से ओवरटेक किया तो आगे जा रही रोडवेज की बस से टकराकर कार अनियन्त्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। कार में सवार मुजफ्फरनगर निवासी आतिफ (23 वर्ष) पुत्र सलीम निवासी दधेडू, समीर (17) पुत्र मरकूब, खुशहाल (38) पुत्र इकबाल व अमजद (40) पुत्र ईकराम निवासीगण बागोवाली नई मंडी तथा आसिफ (35) पुत्र अफजाल निवासी सैदनंगली मुजफ्फरनगर घायल हो गये।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर घायल आतिफ व समीर को दिल्ली जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि आतिफ व समीर गम्भीर घायल हैं उनको इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य तीन व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वैगनआर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कार को क्रेन की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटाकर थाना कंपाउंड में खड़ी कर दी है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।