ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर-कासना सर्विस रोड पर शुक्रवार दोपहर को एक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया। जिससे कार पेड़ से टकराई और उसे तोड़कर पास में खडे़ पोल से टकराने पर उसके परखच्चे उड़ गए। कार सवार चार युवक बुरी तरह घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बड़ी मशक्कत के बाद चारों को कार से निकाला जा सका। उन्हें कैलाश और शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। चारों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूरजपुर निवासी तेजसिंह, सचिन, शाहरुख और जुबैर चारों दोस्त एक कॉलेज में पढ़ते हैं। शुक्रवार दोपहर को एसेंट कार से चारों युवक कासना से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। एलजी गोलचक्कर से अचानक छात्र ने कार को नीचे सर्विस रोड की ओर घुमा दिया। कार की स्पीड तेज होने के कारण वह असंतुलित हो गई और एक पेड़ से जा टकराई।
पेड़ को तोड़कर आगे बढ़ी और बिजली के पोल से टकरा गई। चारों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और गाड़ी के क्षतिग्रस्त होने के कारण फंस गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मद्द से घायलों को कार से बाहर निकाला।
सचिन और जुबैर को शारदा अस्पताल में और तेजसिंह और शाहरुख को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रों के परिजन भी अस्पतालों में पहुंच गए। हालांकि देर शाम तक किसी ने शिकायत नहीं दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।