गुड़गांव के एसडी आदर्श विद्यालय में बृहस्पतिवार को अंग्रेजी भाषा के बेहतर ज्ञान के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसमें भाषा के उच्चारण, प्रयोग और अक्षरों की ध्वनियों के भिन्न-भिन्न प्रयोग पर चर्चा की गई।
वर्कशॉप का मकसद अध्यापकों को इस बात की जानकारी देना था कि वह किस प्रकार से विद्यार्थियों को अंग्रेजी पढ़ाएं। जिससे वह अपने अंदर योग्यता को विकसित कर सकें।
इस कार्यशाला के दौरान शिक्षाविद आशा शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं। भाषा प्रशिक्षक के रूप में लीना कपूर भी उपस्थित रहीं। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में एसडी आदर्श विद्यालय समिति के तीन विद्यालयों ओपन स्काई, एसडी आदर्श पब्लिक स्कूल व एसडी आदर्श विद्यालय अंग्रेजी शिक्षक मौजूद रहे।
शर्मा ने कहा कि अध्यापक वास्तव में विद्यार्थी व विद्यालय की नींव होता है। यदि नींव ही पुख्ता नहीं हो तो मकान मजबूत नहीं बन सकता। एक अध्यापक की शिक्षा उसकी योग्यता व प्रत्येक क्षेत्र में उसकी क्षमता न केवल स्वयं उसके लिए जरूरी है बल्कि समाज को बेहतर शिक्षा देने की दृष्टि से भी जरूरी है।
कार्यशाला में अंग्रेजी भाषा, उच्चारण, व्याकरण, साहित्य, ध्वनियां व उसके इस्तेमाल के साथ-साथ प्रयोग के तरीकों पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को सक्षम कैसे बनाया जाए इस पर प्रश्न सत्र भी चला।