एमडीयू से संबंधित कॉलेजों में स्नातक व स्नातकोत्तर के लिए ऑनलाइन आवेदन करते वक्त हुई गलती को अब सुधारने का मौका मिलेगा। एमडीयू ने इस बार एडिट फॉर्म का नया ऑप्शन जोड़ा है, जहां से आवेदन अपलोड करने के बाद भी उसमें हुई गलती को सुधारा जा सकता है।
एमडीयू में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया का तीसरा सत्र पांच जून से शुरू होने जा रहा है। विद्यार्थी ठीक से आवेदन कर सकें, इसको लेकर गुड़गांव में विशेष ट्रेनिंग भी दी गई है, लेकिन फिर भी कहीं न कहीं विद्यार्थी आवेदन करते समय गलती कर बैठते हैं। इस कारण उनका आवेदन फार्म रद्द हो जाता है।
एमडीयू के पास ऐसे कई केस आए। इसके चलते इस बार विभाग की वेबसाइट पर एडिट फॉर्म का ऑप्शन जोड़ा गया है। इस पर विद्यार्थी आवेदन की अंतिम तिथि तक अपने यूजरआईडी व पासवर्ड की मदद से फॉर्म में सुधार कर सकते हैं।
जानकारी देते हुए नेहरू कॉलेज की प्राचार्य ने बताया कि आवेदन भरने में अधिकांश गलती स्नातक प्रथम वर्ष में होती है। फॉर्म में 10वीं व 12वीं के अंक, जन्मतिथि, नाम की स्पेलिंग को लेकर दिक्कतें आती हैं। इन गलतियों को ठीक करवाने के लिए उन्हें रोहतक एमडीयू के चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन अब एडिट फॉर्म की वजह से ऐसा होने की संभावना नहीं होगी।