दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेज सेंट स्टीफंस ने 11 पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए शनिवार को कट ऑफ लिस्ट जारी कर दी है। बीते साल की तरह इस बार भी सबसे अधिक कट ऑफ अंग्रेजी ऑनर्स की रही है।
पहली कट ऑफ में कॉमर्स स्ट्रीम के 99 फीसदी अंक पाने वाले छात्रों को ही बीए अंग्रेजी ऑनर्स में दाखिला मिल सकेगा। जहां तक कट ऑफ में उछाल की बात है तो संस्कृत में दिव्यांग श्रेणी में 15 फीसदी का उछाल हुआ है।
वहीं, विभिन्न श्रेणियों की कट ऑफ में 0.25 से 15 फीसदी तक की गिरावट हुई है। सेंट स्टीफंस की कट ऑफ से डीयू की कट ऑफ की स्थिति लगभग साफ हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी तरह के उतार-चढ़ाव डीयू की कट ऑफ में रहने की उम्मीद है।
अंग्रेजी ऑनर्स में कॉलेज ने साइंस स्ट्रीम की कट ऑफ में 0.25 का इजाफा किया है, जबकि कॉमर्स व आर्ट्स में कट ऑफ बीते साल के समान ही है। सबसे सबसे ज्यादा 15 फीसदी की बढ़ोतरी संस्कृत ऑनर्स में कॉमर्स स्ट्रीम के दिव्यांग श्रेणी के छात्रों के लिए हुई।
बीते साल संस्कृत में कॉमर्स स्ट्रीम के दिव्यांग छात्रों के लिए कट ऑफ 50 फीसदी थी जो कि इस साल बढ़कर 65 फीसदी हो गई है। वहीं बीए प्रोग्राम में सामान्य श्रेणी के लिए कॉमर्स व साइंस स्ट्रीम के आवेदकों के छात्रों के लिए कट ऑफ में 0.5 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि आर्ट्स के छात्रों के लिए कट ऑफ बीते साल की तरह ही 96 फीसदी है।
वहीं अर्थशास्त्र की कट ऑफ में सामान्य श्रेणी के तीनों स्ट्रीम के छात्रों के लिए 0.25 फीसदी की गिरावट है। जहां तक गणित की कट ऑफ की बात है तो सामान्य श्रेणी के साइंस व कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए कट ऑफ में 0.25 फीसदी की कमी की गई है।
जबकि इस कोर्स के लिए आर्ट्स के छात्रों के लिए कट ऑफ बीते साल की तरह ही 96 फीसदी है। इतिहास ऑनर्स में साइंस स्ट्रीम के लिए बीते साल के मुकाबले में कट ऑफ में 0.50 की कमी की गई है।
कट ऑफ में बढ़ोतरी को देखें तो फिजिक्स की कट ऑफ में बीते साल के मुकाबले में 0.33 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। फिलॉस्फी में सामान्य श्रेणी के साइंस के छात्रों के लिए 0.75 फीसदी की गिरावट हुई है तो आर्ट्स के लिए 1 फीसदी की गिरावट हुई है। जबकि कॉमर्स के आवेदकों के लिए 0.25 की बढ़ोतरी हुई है।