महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) से संबंधित कॉलेजों में पहली कटऑफ लिस्ट के आधार पर मंगलवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई। कटऑफ ऑनलाइन होने के बावजूद सूची में नाम देखने के लिए कॉलेजों में छात्रों की भीड़ जुटी रही।
इस बार हरियाणा बोर्ड के खराब रिजल्ट का असर कॉलेजों की कटऑफ पर भी पड़ा है, क्योंकि कई कोर्स की कटऑफ 60 फीसदी से ज्यादा नहीं पहुंच पाई। जबकि कॉमर्स और साइंस स्ट्रीम की कटऑफ 86 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर गई।
पहली कटऑफ लिस्ट को लेकर छात्रों में खासी उत्सुकता थी। कई छात्र तो सुबह दस बजे से पहले ही कॉलेज पहुंच गए। ऐसे में माना जा रहा था कि कटऑफ का अवलोकन भी छात्र घर बैठे या साइबर कैफे से ऑनलाइन प्रणाली के जरिए करेंगे।
लेकिन ऑनलाइन सिस्टम से ज्यादा मैनुअल सिस्टम पर छात्र भरोसा जता रहे हैं। सुबह से ही कॉलेजों में चस्पा की गई सूची में नाम देखने के लिए छात्रों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
हालांकि, पहले दिन कटऑफ की जानकारी लेकर ज्यादातर छात्र दाखिले से संबंधित पूछताछ करते नजर आए। इस बार प्रोफेशनल कोर्स में पिछले साल की तुलना में दो से तीन फीसदी अंक की गिरावट आई है। वहीं ट्रेडिशनल कोर्स बीए और बीकॉम में एक से दो प्रतिशत का उछाल आया है।
पहले दिन 10 फीसदी हुए दाखिले
कटऑफ जारी होते ही दाखिले की दौड़ शुरू हो गई है। कटऑफ में नाम देखते ही छात्र-छात्राएं कॉलेज से फीस चालान लेकर बैंक में पहुंचे और वहां जल्द से जल्द जमा करके अपनी सीट पक्की की। पहले दिन एमडीयू के सातों कॉलेजों में 10 फीसदी ही दाखिले हुए।
नेहरू कॉलेज में 25, राजकीय महिला कॉलेज में 10, डीएवी कॉलेज में 40, तिगांव कॉलेज में 6, अग्रवाल कॉलेज में 35 बच्चों ने बैंक में फीस चालान जमा करवाया। बता दें कि बैंक से चालान जमा करने के बाद विद्यार्थी पुन: कॉलेज जाकर एक चालान हार्डकॉफी कॉलेज में जमा करने जाएं। यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो दाखिला पक्का नहीं माना जाएगा।
दाखिला के लिए 8 जुलाई तक मौका
पहली कटऑफ में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों के पास दाखिले के लिए 8 जुलाई शाम 4 बजे तक का मौका है। उन्हें बैंक में हर हालत में फीस जमा करके अपनी सीट पक्की करवानी होगी। ऐसा न करने पर उन्हें अंतिम कटऑफ का इंतजार करना पड़ेगा। दूसरी कटऑफ 9 जुलाई और तीसरी 13 जुलाई को जारी होगी।
डीएवी ने नेहरू कॉलेज को पछाड़ा
एमडीयू से संबंधित शहर में सात कॉलेज हैं। इस बार एनएच-3 स्थित डीएवी कॉलेज की कटऑफ बहुत ऊंची रही है। डीएवी में बीकॉम आनर्स की 94.17, बीएसी नॉन मेडिकल की 93.2, बीकॉम पास की 88.8 कटऑफ जारी हुई।
जबकि नेहरू कॉलेज में बीकॉम आनर्स 86.8, बीएससी नॉन मेडिकल 85 और बीकॉम पास की कटऑफ 79.2 पर सिमट गई। इसके बावजूद नेहरू कॉलेज में दाखिले के मारामारी अधिक रहेगी। यहां आवदेनों की संख्या अधिक है। एक सीट पर पांच छात्रों ने दावेदारी की है। जारी होने के कारण विद्यार्थी कॉलेज कैंपस पहुंचे। सभी कॉलेजों में 11 बजे के बाद कटऑफ जारी की गई।