दिल्ली प्रदेश कांग्रेस 9 सितंबर को एक दिन के दिल्ली विधानसभा की बैठक वाले दिन अब विस का घेराव नहीं करेगी। 9 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ का चुनाव है, जिसकी वजह से कांग्रेस ने विस घेराव नहीं करने का फैसला किया है।
तर्क है कि कांग्रेस के नेता डूसू चुनाव में सुबह से व्यस्त रहेंगे। डूसू चुनाव में जीत को लेकर कांग्रेस नेता जमीनी स्तर पर लगे हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन का कहना है कि राजधानी में डूसू चुनाव 9 सितंबर को ही हैं।
ऐसे में डीयू के नॉर्थ कैंपस के नजदीक विधानसभा घेराव से आवागमन में दिक्कत ना हो और चुनाव में कांग्रेस के नेता अपने-अपने क्षेत्रों में काम में भी जुटे होंगे। इसलिए यह निर्णय लिया गया है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि डूसू चुनाव में एनएसयूआई के उम्मीदवारों की जीत आगामी निगम चुनाव में कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम करेगी।
इससे पहले दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव में भी कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के बराबर सीटें जीतीं। डूसू में आप की छात्र इकाई नहीं है। ऐसे में कांग्रेस अपनी छात्र इकाई एनएसयूआई का मुकाबला सिर्फ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से मान रही है।