दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में दाखिले के लिए मंगलवार को दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी हो रही है। इस लिस्ट के आधार पर बृहस्पतिवार तक दाखिले लिए जा सकेंगे।
पहली लिस्ट के दाखिलों में पहले व दूसरे दिन आई दिक्कतों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। पहली लिस्ट में कुछेक कॉलेजों में ही कुछ कोर्सेज की सीटें भरी हैं, लिहाजा अभी भी छात्रों के पास दाखिले की अपार संभावनाएं हैं।
पहली कट ऑफ की तरह ही छात्रों को कॉलेज व कोर्स का ऑनलाइन चयन कर फॉर्म डाउनलोड करके कॉलेज जाना होगा। कॉलेज की ओर से ऑनलाइन दाखिला मंजूर होने के बाद ही छात्र ऑनलाइन फीस का भुगतान कर सकेंगे।
डीयू में पहली कट ऑफ लिस्ट के दाखिले शनिवार को खत्म हो चुके हैं। पहली कट ऑफ लिस्ट के पहले व दूसरे दिन दाखिला पोर्टल के धीमी गति से चलने के कारण काफी छात्र दाखिले से वंचित रह गए। बीते शुक्रवार को प्रशासन ने पोर्टल की प्रोग्रामिंग में बदलाव किए।
इस कारण से शनिवार को दिक्कत नहीं हुई। ऐसे में अब दूसरी कट ऑफ मंगलवार को जारी हो रही है और छात्र बड़ी संख्या में पोर्टल पर लॉगइन करेंगे। पहली कट ऑफ जैसी स्थिति न बनने पाए, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
पहली लिस्ट के आधार पर नामी कॉलेजों में भी बीकॉम, ईको, गणित, अंग्रेजी और बीए प्रोग्राम की सीटें हाई कट ऑफ के कारण नहीं भर पाई हैं, जबकि कुछ कॉलेजों में राजनीति शास्त्र, भूगोल, सोशोलॉजी व इतिहास जैसे कोर्सेज की सीटें पहली लिस्ट में ही भर गईं।अब छात्रों को यह ध्यान रखना होगा कि इस कट ऑफ में जिस भी कॉलेज के जिस भी कोर्स में दाखिला मिल रहा हो, उसे वहां अपनी सीट पक्की करनी होगी।
न पढ़े हुए कोर्स में दाखिले के लिए 2.5 फीसदी की कटौती भी छात्रों के बेस्ट ऑफ फोर के केलकुलेशन को बिगाड़ रही है। प्रशासन की सलाह है कि कट ऑफ देखने के बाद कॉलेज की कट ऑफ पर जाकर भी दाखिला गाइडलाइंस जरूर देख लें।
दाखिले के समय ये जरूरी दस्तावेज साथ लें
-दसवीं की बोर्ड परीक्षा का सर्टिफिकेट
-दसवीं की मार्कशीट
-बारहवी का मार्कशीट
-बारहवीं का प्रोविजनल या ओरिजनल सर्टिफिकेट
-चरित्र प्रमाण पत्र (हालिया जारी)
-बोर्ड या यूनिवर्सिटी से माइग्रेशन सर्टिफिकेट या स्कूल का ट्रांसफर सर्टिफिकेट
-स्व-प्रमाणित दो से चार पासपोर्ट साइज फोटो
-छात्र के नाम जारी एससी/एसटी/पीडब्लयूडी/कश्मीरी विस्थापित का सर्टिफिकेट
-छात्र के नाम जारी ओबीसी सर्टिफिकेट (नॉन-क्रीमी लेयर के लिए)
-ओबीसी नॉन क्रीमी लेयर के लिए आय प्रमाण पत्र (स्वयं सत्यापित)