दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले के अवसर भले ही सीमित हो गए हों, लेकिन नॉन कॉलिजिऐट वुमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) की तीसरी कट ऑफ में बीए व बीकॉम में दाखिले के अवसर बरकरार रहेंगे।
छात्राओं के लिए राहत की बात यह है कि बीकॉम से लेकर बीए की तीसरी कटऑफ में सामान्य के लिए एक से दो फीसदी तक की गिरावट की संभावना है। किसी-किसी सेंटर पर यह गिरावट ज्यादा भी हो सकती है। अब शनिवार शाम को तीसरी कटऑफ जारी की जाएगी।
एनसीवेब में शुक्रवार को दूसरी कटऑफ के दाखिले के अंतिम दिन सभी 25 सेंटरों पर बड़ी संख्या में दाखिले हुए। वहीं कुल तीन दिनों में लगभग दो हजार छात्राओं ने दाखिला ले लिया। एनसीवेब की निदेशक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि दूसरी कटऑफ में तीसरी कट ऑफ में बीए मेें एक दो सेंटरों पर किसी कैटेगरी के लिए दाखिले बंद हो सकते हैं।
दोनों कटऑफ के आधार पर लगभग 11 हजार से अधिक सीटों के लिए लगभग 3500 हजार दाखिले हो गए हैैं। दूसरी कटऑफ में ही दो हजार अधिक दाखिले हो गए। उन्होंने बताया कि इन दाखिलों मेें 200 दाखिले ऐसी छात्राओं ने लिए हैं, जिनके 90 फीसदी से अधिक अंक हैं।
अच्छी बात यह है कि इन छात्राओं ने फिलहाल अपना दाखिला एनसीवेब से रद्द नहीं कराया है। अब तीसरी कटऑफ 23 जुलाई को जारी होगी। उसके आधार पर 25 जुलाई से 27 जुलाई तक दाखिले होंगे।