यीडा सिटी के सेक्टर- 21 में 1000 एकड़ में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी का प्रथम चरण 230 एकड़ में विकसित किया जाना है। इसमें 155 एकड़ में फिल्म उद्योग से जुड़ी इंडस्ट्री और आवासीय सुविधा होगी, जबकि 75 एकड़ में व्यावसायिक गतिविधियां होटल, मॉल और प्लॉजा होंगे। वहीं दूसरे चरण में विला, गोल्फ कोर्स व मनोरंजन पार्क होंगे। फिल्म निर्माता व निर्देशक बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी ने बिल्डर कंपनी भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर 18 फीसदी रेवेन्यू शेयरिंग की बोली लगाकर प्रथम चरण के निर्माण के लिए विकासकर्ता कंपनी का अधिकार प्राप्त कर लिया है।
पूर्व में कमेटी ऑफ सेक्रेटरीज की मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कैबिनेट की भी मंजूरी मिल गई। प्रथम चरण की परियोजना को 7 जोनों में बांटकर विकसित किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत 1510 करोड़ रुपये है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके मूर्त रूप लेने के 8 साल बाद विकासकर्ता कंपनी को होने वाली कुल आय का 18 फीसदी हिस्सा प्राधिकरण को मिलेगा।
इन चार कंपनियों ने लगाई थी बोली-
मेसर्स बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी- 18
सुपरसोनिक टेक्नो बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड- 10.8
सुपरकैसेट्स टी- सीरीज- 5.27
04 लायंस फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड- 15.12
फिल्म सिटी के प्रथम चरण के निर्माण के लिए सबसे बड़ी आर्थिक बिड लगाने वाली कंपनी को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। अब आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विकासकर्ता कंपनी को आवंटन पत्र जारी किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। -डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण