बुलंदशहर बवाल के आरोपी बजरंग दल के जिला संयोजक योगेशराज, विशाल त्यागी और सत्येंद्र के साथ बजरंग दल के अन्य पदाधिकारियों के शुभकामना संदेश के पोस्टर रविवार को नगर के प्रमुख मोहल्लों और चौराहों पर चस्पा किए गए थे।
शुभकामना संदेश के ये पोस्टर शहर में चर्चा का विषय बने है। पोस्टरबाजी पर लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं। गौरतलब है कि स्याना बवाल मामले में पुलिस बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज, बजरंग दल के पदाधिकारी विशाल त्यागी और सत्येंद्र को जेल पहुंचा चुकी है।
रविवार को संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ इन तीनों आरोपियों के फोटो लगे पोस्टर नगर भर में चस्पा किए गए थे। पोस्टर में मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस की शुभकामना संदेश लगे हुए हैं।
यह पोस्टर सोमवार को नगर के लोगों मे चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि स्याना बवाल में नाम आने के बाद यह लोग चर्चा में आए हैं।
मामले में बजरंग दल के प्रांत यह संयोजक प्रवीण भाटी ने बताया कि योगेश, सत्येंद्र और विशाल बजरंग दल के पदाधिकारी हैं। उन पर लगाए गए आरोप अभी कोर्ट में सिद्ध नहीं हुए हैं। साथ ही होर्डिंग्स लगाना कोई अपराध नहीं है।