मोदी सरकार के रेल बजट से एनसीआर के यात्रियों को काफी उम्मीद हैं। हाई-स्पीड ट्रेन की बांट जोह रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को आगरा तक चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन की तर्ज पुर अन्य रूटों पर भी ऐसी ट्रेनों का संचालन की उम्मीद है।
साथ ही लोकल ट्रेनों को फास्ट ट्रैक, महिला स्पेशल ट्रेन की संख्या बढ़ने का इंतजार है। प्लेटफार्म पर वेटिंग रूम, शौचालय, पानी व ट्रेनों में सफाई, स्वचालित सीढ़ियां व लिफ्ट की मांग भी शामिल है।
यात्री ट्रेन का किराया कम हो और बेहतर खाना मिले। वहीं लोकल पैसेंजर चाहते हैं कि उनकी ट्रेन की रफ्तार इसलिए बाधित न हो कि एक्सप्रेस ट्रेन को रास्ता देने के लिए जगह-जगह ठहराव हो जाता है। ऐसे में अब देखना है कि लोगों को रेल मंत्री का बजट कितना भाता है और कितना खटकता है।
ताकि सरपट दौड़े पैसेंजर ट्रेन
दिल्ली से मेरठ, रेवाड़ी, हापुड़ रेल ट्रैक पर अभी भी इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेन नहीं दौड़ती है। इस रूट पर कुछ किलोमीटर इलेक्ट्रिक लाइन तो दौड़ाई गई है, लेकिन ट्रेनें आज भी डीजल शटल ही चलती है।
लिहाजा दिल्ली-रेवाड़ी, दिल्ली-सहारनपुर-मेरठ और शहादरा-शामली के यात्री इलेक्ट्रिक इंजन से चलने वाली ट्रेन के इंतजार में है, ताकि उनकी भी ट्रेन सरपट दौड़े। हरियाणा के मेवात शहर में आज तक ट्रेन का रूट नहीं पहुंचा है।
हर बार मांग उठती है कि दिल्ली-एनसीआर के रेल ट्रैक मेवात से जुड़े। इसी तरह नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी आबादी बढ़ रही है, लेकिन यहां रेलवे ट्रैक नहीं है। दिल्ली से लिंक न भी मिले तो गाजियाबाद से ही नोएडा को रेल ट्रैक से जोड़ दिया जाए जिससे लोगों को राहत मिल सके।
विश्रामालय, पानी व ट्रेन में सफाई की मांग
यात्रियों की आज भी मांग है कि प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार के लिए विश्रामालय का इंतजाम हो। ट्रेन का कोच प्लेटफॉर्म पर जिस जगह रुके वहां पर पानी की उचित व्यवस्था हो। पीने के लिए आरओ वाटर मिले। लोकल ट्रेन की साफ-सफाई का इंतजाम हो। प्लेटफार्म पर पार्किंग की सुविधा मिले।
पूर्वांचल की ट्रेन ज्यादातर नई दिल्ली और आनंद विहार रेलवे स्टेशन से संचालित होती हैं। लिहाजा गाजियाबाद, साहिबाबाद, फरीदाबाद से लोगों को पूर्वांचल जाने के लिए दिल्ली आना पड़ता है। ऐसे में एनसीआर के लोगों की बराबर मांग रहती है यहां भी ट्रेनों को स्टॉपेज मिले। गुड़गांव रेलवे स्टेशन को सुविधायुक्त बनाया जाए।
दम तोड़ती रिंग रेल की सेवा को बजट से ‘ऑक्सीजन’ मिलने की उम्मीद है। यदि रिंग रेल को संवारने का ऐलान किया जाता है तो दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। लोग जाम की समस्या से उबर सकेंगे। मेट्रो की तर्ज पर ट्रेन से यात्रा कर घंटों का सफर मिनटों में कर सकेंगे।
सभी स्टेशनों पर वाई-फाई सुविधा का इंतजार
वैष्णव धाम दर्शन के लिए कटरा तक अब सीधी ट्रेन चलने लगी है। पिछले दिनों उधमपुर-कटरा लाइन के शुरू हो जाने से यात्री दिल्ली से कटरा तक चलने वाली ट्रेनों में बढ़ोत्तरी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
नई दिल्ली स्टेशन पर वाई-फाई की सुविधा तो मिलने लगी है। अब अन्य स्टेशनों पर भी वाई-फाई सुविधा के इंतजार में लोग हैं। इसी तरह ट्रेनों में हॉट-स्पॉट वाई-फाई की सुविधा की बांट भी लोग जोह रहे हैं। उम्मीद है कि लोगों को सभी शताब्दी ट्रेन व राजधानी में हॉट-स्पॉट वाई-फाई मिलेगा।
इस रेल बजट से जनशताब्दी ट्रेनों की संख्या बढ़ने की भी उम्मीद लोग लगाए हैं। दरअसल जनशताब्दी ट्रेन ऐसी है जिसमें आरक्षण कराने की आवश्यकता नहीं होती। सभी कोच अनारक्षित हैं लिहाजा ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग इस ट्रेन से यात्रा कर सकते हैं।