नोएडा में दो लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मोटसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने बीएसएनएल के एक वरिष्ठ अधिकारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली अधिकारी के चेहरे को छूकर निकल गई। बाकी गोलियां कार केशीशे व गेट पर लगीं। घटना के बाद हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए। घटना के समय अधिकारी का बेटा और पत्नी भी साथ में थे। घायल अधिकारी का सेक्टर-62 केफोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि बीएसएनएल में तैनात वरिष्ठ अधिकारी सुशील कुमार परिवार के साथ सेक्टर-62 के टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में बने भवन में रहते हैं। शनिवार शाम करीब पांच बजे बेटे कुनाल और पत्नी के साथ गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा मॉल जा रहे थे। डीएलएफ चौराहे केपास तीन बदमाश दो लड़कियों को छेड़ रहे थे। यह देख सुशील कुमार गाड़ी से उतरकर छेड़छाड़ कर रहे बदमाशों का विरोध करने लगे। इससे गुस्साये बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक गोली सुशील कुमार के चेहरे को छूती हुई निकल गई। घायल अधिकारी को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में सीओ अनूप कुमार का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज जांच शुरू कर दी गई है। खबर लिखे जाने तक बदमाशों की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिल सकी है।