तीन दिन पहले रोरी गांव के बिटौड़ों में जली मिली युवती की लाश की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है।
पुलिस का कहना है कि युवती कॉलगर्ल थी और दोनों भाइयों ने रेप के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को बिटौड़ों में जला दिया।
बता दें कि चार जून की सुबह रोरी गांव में बिटोरों में एक युवती की जली लाश मिली थी। इंसपेक्टर दीपक शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गांव रोरी तिराहे से गांव के ही दो भाइयों सतीश उर्फ कालू और सतेंद्र उर्फ लाला को गिरफ्तार किया गया।
कई बार उसके साथ बनाए शारीरिक संबंध
पूछताछ में दोनों ने इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया। इंसपेक्टर के मुताबिक सतीश मेरठ की एक ट्रांसपोर्ट पर ट्रक ड्राइवर और सतेंद्र क्लीनर है।
दोनों ट्रांसपोर्ट की दिल्ली ब्रांच पर काम करते हैं। दोनों के संपर्क में कई साल पहले एक कॉलगर्ल आ गई थी। इसके साथ दोनों ने कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए।
तीन जून को भी युवती दोनों को दिल्ली में मिल गई और वह उसे ट्रक में बैठाकर मोदीनगर के रोरी गांव ले गए। दोनों ने ट्रक में पहले उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में रुपये देने से इनकार कर दिया। इस पर युवती ने शोर मचाने शुरू कर दिया।
पहले भी कर चुके थे रेप
यह देख दोनों भाइयों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को बिटोरों में रखकर जला दिया। पुलिस कहना है कि आरोपियों को यह नहीं पता कि युवती कौन है और कहां की रहने वाली है। अभी भी युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है पुलिस युवती शिनाख्त की कोशिश में जुटी हुई है।
पकड़े गए सतीश और सतेंद्र को शातिर अपराधी है। वर्ष 2008 में दोनों ने मोदीनगर निवासी रामपाल की हत्या की थी। इसमें दोनों को आजीवन कारावास की सजा हुई है। इसके अलावा 16 दिसंबर 1998 में एक रेप के मामले में दोनों को तीन साल की सजा हुई।
ये दोनों 2009 में नशीला पदार्थ तस्करी में जेल गए थे। दोनों आरोपी चार-चार साल की सजा भी काट चुके है और अब जमानत पर थे।