सोनीपत के गांव नांगल खुर्द के पास स्थित जुरासिक पार्क में झूला टूटने से रविवार को छुट्टी मनाने आए नौ लोग घायल हो गए। अचानक हुई घटना से पार्क में अफरा तफरी मच गई। हादसे में घायल लोगों को तुरंत एक निजी हास्पिटल में भर्ती करवाया गया।
जहां से परिजन उन्हें दिल्ली ले गए। हादसे में घायल लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने इस संबंध में एमडी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार तीसरे पहर जब सभी झूले का आनंद ले रहे थे, झूला टूटकर जमीन पर गिर गया। हादसे में ये सभी घायल हो गए। पार्क में मौजूद लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए मुरथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
वीकेंड एंज्वाए करने गए थे पर...
रविवार को रोहिणी, दिल्ली निवासी दीविज अग्रवाल (15), धृति (16), दिल्ली निवासी रिया जिंदल (12), लक्ष्मी नगर, दिल्ली निवासी पूजा (22) पत्नी अतुल, श्रीनिवास पुरी, दिल्ली निवासी सुनीता वर्मा (35) पत्नी कपिल, लक्ष्मी नगर, दिल्ली निवासी डोली (12), शालीमार बाग, दिल्ली निवासी तनीषा वर्मा (10), लक्ष्मी नगर निवासी लव्य (10), पूनम (13) अपने परिजनों के साथ रविवार को जुरासिक पार्क में छुट्टी मनाने आए थे।
जहां प्राथमिक उपचार दिलवाने के बाद परिजन उन्हें दिल्ली के दूसरे अस्पताल में ले गए। मामले को लेकर श्रीनिवास पुरी, दिल्ली निवासी कपिल वर्मा ने मुरथल थाना में शिकायत दी है कि पार्क प्रबंधन की लापरवाही की वजह से उसकी पत्नी सुनीता व अन्य घायल हुए है। पुलिस ने कपिल की शिकायत पर एमडी दीपक मल्होत्रा और अन्य के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
जिस समय पार्क में झूला टूटा उस समय पार्क में भीड़ कम थी। जिससे झूले में कम ही लोग सवार थे। यही नहीं जब झूला चला ही था तो उसी समय टूट गया। अगर भीड़ ज्यादा होती या झूला रफ्तार पकड़ लेता तो हादसा बड़ा रूप भी ले सकता था।