केंद्र सरकार द्वारा शादी के परिवारों के लिए 2.5 लाख की रकम तय करने के बाद संसद में जहां विपक्ष हंगामा कर रहा है। कई परिवार नकदी के संकट से जूझ रहे हैं। वहीं साइबर सिटी में एक परिवार ने अपनी दुल्हन के लिए हेलीकॉप्टर की पालकी तैयार की है।
24 नवंबर को बादशाहपुर के गांव अकलीमपुर से दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर अपने घर लाएगा। बतौर फील्ड वर्कर दिल्ली नगर निगम में कार्यरत डूंडाहेड़ा के रहने वाले बाबू लाल अपने छोटे बेटे विनोद वत्स (25) की शादी अनोखे तरीके से करना चाहते थे।
चार भाईयों में सबसे छोटे विनोद की शादी गांव अकलीमपुर के ललीता से तय होने के बाद ही भाईयों ने हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लाने का निर्णय लिया। इसी बीच मोदी सरकार ने नोटबंदी का फैसला लिया, लेकिन परिवार वालों ने शादी के बीच नोटबंदी की अड़चन नहीं आने दी। इसी बीच हेलीकॉप्टर की बुकिंग कराई और पेमेंट चेक से किया गया।
राजस्थान के भिवाड़ी जिले की एक निजी कंपनी के अकाउंट विभाग में कार्यरत विनोद का कहना है कि पिताजी मेरी शादी को यादगार बनाना चाहते थे। इसके लिए परिवार ने हेलीकॉप्टर किराए पर लिया है।