अगर आप रकम जमा करने के लिए एटीएम के ड्रॉप बॉक्स में चेक डालते है तो थोड़ा सावधान रहें। बदमाशों की नजर इन डॉप बॉक्स पर भी रहती है। चेक चोरी कर वे कई तरह के फ्रॉड कर सकते हैं, जिससे शायद आप मुसीबत में फंस जाएं। ऐसे ही एक मामला रविवार सुबह सेक्टर-12 में सामने आया। यहां एक शख्स ने यूनियन बैंक के एटीएम में बने ड्रॉप बॉक्स को तोड़कर सारे चेक चुरा लिए। सोमवार को बैंक मैनेजर की शिकायत पर सेक्टर-24 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। बैंक मैनेजर ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की सीडी भी सौंपी, जिसमें वारदात कैद है।
तीन मिनट में वारदात को दिया अंजाम
सेक्टर-12 स्थित एटीएम पर पहुंचे बदमाश ने तीन मिनट में वारदात को अंजाम दे दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि जींस और शर्ट पहने एक शख्स रविवार सुबह 6:39 मिनट पर एटीएम में घुसता है और फिर एक बार बाहर झांकता है। इसके बाद अपने जूते से कोई नुकीली चीज निकालकर ड्रॉप बॉक्स को तोड़ देता है और उसमें से सारे चेक निकालकर 6:42 बजे वहां से निकल जाता है।
पहले भी मिल चुकी है शिकायत
सेक्टर-44 स्थित पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर डॉ. नीरज ने बताया कि कुछ महीनों पहले सेक्टर-18 स्थित बैंक के एटीएम के ड्रॉप बॉक्स से चेक की हेराफेरी की शिकायत ग्राहक ने दी थी। कुछ मामलों में ड्रॉप बॉक्स में गोंद लगी झाडू का सींक भी मिली। अंदाजा लगाया गया कि सींक के सहारे डॉप बॉक्स से चेक निकालने की कोशिश की गई।
एटीएम पर मौजूद नहीं था गार्ड
अधिकारियों की मानें तो बदमाश का टारगेट ड्रॉप बॉक्स ही था। इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी, यह जांच का विषय है। वारदात के समय एटीएम का गार्ड अरविंद कुमार मौजूद नहीं था। बताया गया कि गार्ड शौच के लिए बाहर गया था। वापस आने पर उसे ड्रॉप बॉक्स टूटा मिला। सुबह 8 बजे उसने अगले शिफ्ट के गार्ड को यह बात बताई। उसके जरिये बैंक के अधिकारियों को चेक चोरी की सूचना मिली।