दिल्ली भाजपा एक बार फिर बिजली आंदोलन करने के मूड में है। भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार को चेतावनी दी है कि अगर बिजली कटौती जारी रही और तेज भागते मीटरों की मरम्मत पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
दिल्ली सरकार को किन मुद्दों पर घेरा जाए, इसे लेकर भाजपा नेता रणनीति बनाने में जुट गए हैं। सबसे पहले उन्होंने बिजली के मुद्दे पर दिल्ली सरकार को कठघरे में खड़ा करने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने वादों को निभाने में नाकाम रही है।
बिजली के मुद्दे पर अभी तक स्पष्ट नीतियां नहीं तैयार हुई हैं। सरकार ने तेज चलने वाले मीटरों की मरम्मत करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। बिना सूचित किए बिजली कटौती से दिल्लीवासी परेशान है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल लोक लुभावने वादे करने में व्यस्त है। दिल्ली सरकार सस्ती लोकप्रियता के चक्कर में यहां रहने वाले आम आदमी को भूल गई है। आम आदमी पार्टी अब कांग्रेस सरकार की राह पकड़ चुकी है। सरकार बनाने के लिए तो गठबंधन है ही, प्रशासन चलाने में भी अंदरखाने सांठगांठ चल रहा है। इसी का नतीजा है कि पंद्रह साल बाद भी जनता बिजली और पानी को लेकर परेशान है।