फरीदाबाद के थाना मुजेसर की संजय कॉलोनी क्षेत्र से एक सप्ताह पहले गायब बच्चे का कुछ पता नहीं लग सका है। बच्चे के मां-बाप उसे तलाशने में जुटे हैं।
मामला संजय कॉलोनी क्षेत्र चौकी क्षेत्र में संजय कॉलोनी की गली नंबर-40 का है। यहां अशोक कुमार अपने परिवार के साथ रहता है, वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
अशोक के मुताबिक उसका 8 वर्षीय बेटा अमन 14 जुलाई को घर के पास खेल रहा था इसी दौरान गायब हो गया। अमन ठीक प्रकार से बोल नहीं सकता है, इसलिए स्कूल भी नहीं जाता है घर पर ही रहता है।
यह भी पढ़ें: दो दिन से घर नहीं लौटी है नाबालिग
परिजनों की शिकायत पर संजय कॉलोनी पुलिस चौकी ने बच्चे की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कुछ पता नहीं चला है।
जांच अधिकारी यासीन खान ने बताया कि बच्चे की आसपास के इलाके व थाना क्षेत्रों में तलाश की जा रही है, जल्द ही पता लगा लिया जाएगा। परिजनों ने किसी व्यक्ति पर बच्चे को ले जाने का शक जाहिर नहीं किया है।