मध्यप्रदेश के भोपाल में रहने वाले सातवीं कक्षा के छात्र ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में हड़कंप मचा दिया। छात्र ने दिल्ली के युवक को फोन कर कहा कि उसने मॉल में बम रख दिया है और कुछ देर में फट जाएगा।
उसके बाद पुलिस हरकत में आई और सभी मॉल की सुरक्षा बढ़ाने के साथ चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को कुछ देर बाद उस समय राहत मिली जब पता लगा कि बम फटने की कॉल भोपाल के सात कक्षा के छात्र ने की है। कालकाजी पुलिस जांच कर रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि ब्लाॅक नंबर 37 डीडीए फ्लैट्स कालकाजी में रहने वाले तौफिक अहमद को बृहस्पतिवार को 12.10 बजे एक फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसने मॉल में बम रख दिया है जो जल्द फट जाएगा। वह पासवर्ड बता दे। तौफिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस तौफिक को कालकाजी थाने ले गई। वहां उससे पुलिस के अलावा स्पेशल सेल व खुफिया विभाग ने पूछताछ की।
तौफिक के पास जिस नंबर से फोन आया उसकी डिटेल खंगाली। पता लगा कि ये मोबाइल नंबर भोपाल का है। पुलिस ने नंबर पर बात की तो मोबाइल के मालिक ने बताया कि फोन बच्चों के हाथ में था और उन्हें गलती से फोन कर दिया।