हजरत निजामुद्दीन इलाके में शनिवार तड़के तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू सिक्स सीरीज स्पोर्ट्स कार सर्विस लेन के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार कलाबाजियां खाती हुई किसी तरह रुकी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार घायल युवक अभिजीत सिंह (24) को मूलचंद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभिजीत की शनिवार को मंगनी होनी थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के समय सवा करोड़ रुपये की इस कार की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रतिघंटे की रही होगी।
शाम को गर्लफ्रैंड से होनी थी युवक की सगाई
कार हादसे में मौत
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने एम्स मोर्चरी से पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। हादसे के समय अभिजीत ने शराब पी हुई थी या नहीं, पुलिस अधिकारी अभी इसके बारे में बोलने से बच रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, अभिजीत परिवार के साथ ए-143 मजलिस पार्क, आजादपुर में रहता था। परिवार में पिता नरेंद्र सिंह, मां और छोटा भाई है। पिता नरेंद्र बिल्डर हैं।
अभिजीत ने मास मीडिया की पढ़ाई करने के बाद पिता के साथ ही काम शुरू कर दिया था। शुक्रवार देर रात अभिजीत दोस्तों के साथ लाजपत नगर में पार्टी करने गया था। शनिवार तड़के करीब पांच बजे अकेला कार से लौट रहा था।
एयरबैग भी नहीं बचा पाए जान
पुलिस
- फोटो : file photo
लाजपत नगर से लाला लाजपत राय मार्ग होते हुए जैसे ही वह लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तो अचानक कार सर्विस रोड के डिवाइडर पर चढ़ गई। रफ्तार तेज होने के कारण अभिजीत नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पलट गई। कार ने छह-सात कलाबाजियां खाईं।
एयरबैग भी नहीं बचा पाए जान
अपनी सिक्योरिटी फीचर्स के लिए जानी जाने वाली बीएमडब्ल्यू स्पोर्ट्स मॉडल कार भी अभिजीत की जान नहीं बचा पाई। दो दरवाजे और चार सीटों वाली इस बेहद आधुनिक कार में चार एयरबैग होते हैं।
इसके अलावा चालक की सुरक्षा के लिए बेहद मजबूत फ्रेम होता है। इसकी वजह से कार के दबने की संभावना काफी कम हो जाती है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि कार पलटते ही चारों एयरबैग खुल गए थे, लेकिन वह भी उसकी जान नहीं बचा पाए।