राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलवल के गांव श्रीनगर के पास एक 26 वर्षीय बीएमएस डॉक्टर का अपहरण कर हत्या कर दी गई। कार सवार युवकों ने डॉक्टर का गांव कुसलीपुर के पास से अपहरण कर हत्या की और गांव श्रीनगर के समीप शव को डालकर दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया गया। कैंप थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एक नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
डीएसपी यशपाल खटाना के अनुसार गांव फुलवाड़ी निवासी ओमवीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका भतीजा अभिषेक बीएमएस डॉक्टर था तथा वह शरीर के आर्टिफिशियल अंग बनाने का कार्य करता था। सोमवार देर शाम वह बाइक पर अपने काम से लौट रहा था। गांव कुसलीपुर के समीप कार सवार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया तथा बाइक को वहीं छोड़ दिया।
युवकों ने कार में उसकी हत्या कर दी और श्रीनगर स्थित एक कॉलेज के समीप कार को क्षतिग्रस्त कर मामले को सड़क दुर्घटना दिखाने का प्रयास किया गया। कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के अनुसार परिजनों की शिकायत पर गांव पिंगौड़ निवासी हीरा भाटी सहित अन्य के खिलाफ अपहरण व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी फरार है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दो थानों के बीच पूरा दिन अटका रहा मामला
दुर्घटना मुंडकटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण शिकायत दी गई, परंतु शिकायत में अपहरण कैंप थाना अंतर्गत गांव कुसलीपुर से दिखाया गया, जिससे परिजनों को कैंप थाना में भेज दिया गया। कैंप थाना पुलिस ने घटना श्रीनगर की होने के कारण शिकायत नहीं ली। पूरा दिन मामले में शिकायत नहीं ली गई और दोनों थाना प्रभारी एक-दूसरे पर टालते रहे। बाद में कैंप थाना में मुकदमा दर्ज करने के बाद शाम को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।