फोटो-
- जंतर-मंतर आंदोलन पर मुख्यमंत्री का विपक्ष पर निशाना
- गुरुग्राम में बोले- छात्रों को मोहरा बनाकर राजनीतिक कर रहे, कांग्रेस-इंडी गठबंधन के नेता भड़का रहे
- वाराणसी से लाई जाएगी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी, हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचेगा कलश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में व्यापक अभियान चलाने का फैसला किया है। शुक्रवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय गुरुकमल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ की मौजूदगी में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक चलने वाले गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता राजनीतिक कर मासूम छात्रों को मोहरा बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास कोई ठोस नीति नहीं है, इसलिए वे युवाओं और छात्रों को भ्रमित कर उन्हें भड़काने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और छात्र विपक्ष की इस नकारात्मक राजनीति का शिकार न बनें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों की मांगों के प्रति गंभीर है और छात्र हित के लिए काम कर रहे हैं।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो दिन के गुरुग्राम के दौरे पर हैं। शुक्रवार को पहले दिन वे राज्य के विकास और राजनीतिक रणनीतियों को लेकर बेहद सक्रिय नजर आ रहे हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी कलशों में भरकर हरियाणा के गांव-गांव, बस्ती-बस्ती और घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में 11 सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति 26 जुलाई को वाराणसी जाकर विधि-विधान से पवित्र मिट्टी लेकर आएगी।
पहले गुरुग्राम पहुंचेगा कलश
वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी का पहला पड़ाव गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर होगा। हरियाणा में प्रवेश पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता कलश का स्वागत करेंगे। इसके बाद भाजपा के 27 संगठनात्मक जिलों के प्रतिनिधि गुरुग्राम से अपने-अपने जिलों के लिए पवित्र मिट्टी से भरे कलश लेकर जाएंगे। जिला स्तर से यह अभियान मंडलों और फिर गांवों तक पहुंचाया जाएगा।
इस दौरान मंत्री कृष्ण बेदी को अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया गया। वहीं, वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाने की जिम्मेदारी एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता को सौंपी गई है।
सामाजिक समरसता का अभियान होगा : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का महाअभियान होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरु रविदास के समरस समाज के विचार को व्यवहार में उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरु रविदास धाम का निर्माण कराया जा रहा है, जहां उनकी भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महापुरुषों की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
29 जुलाई से शुरू होंगे कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी कार्यकर्ता संत-महात्माओं और गुरुओं का आशीर्वाद लेंगे तथा रविदास मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में दीपोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान संत समाज के साथ बैठकें, समरसता संगोष्ठियां और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बताया कि 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक चरणबद्ध तरीके से कलश यात्रा, संत संपर्क अभियान, समरसता संगोष्ठियां, भजन-कीर्तन, गुरु वाणी पाठ, छात्रावासों में संवाद कार्यक्रम और समरसता यात्राएं आयोजित की जाएंगी।