नेताओं के बैठने के लिए बनाए गए मंच के सामने कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए करीब साढ़े तीन सौ मीटर तक कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें अधिकतर भरी हुई थीं। मैदान में प्रवेश करने के हर एक रास्ते पर मेटल डिटेक्टर और पुलिस व स्वयं सेवक दलों की तैनाती की गई थी।
कार्यकर्ताओं को गर्मी से बचाने के लिए एक मुख्य हैंगर टेंट और इसके बगल कपड़े का टेंट लगाया था। इनमें बड़े कूलर व फर्राटा पंखे का इंतजाम किया गया था। मंच के दोनों ओर पीने का पानी इंतजाम, मोबाइल टॉयलेट और हेल्थ जांच शिविर भी लगाया गया था। प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के बड़े होर्डिंग चारों तरफ नजर आ रहे थे। फायर ब्रिगेड की गांड़ियां, पानी के बड़े टैंकर इत्यादि का भी मैदान में इंतजाम किया गया था। मैदान में चाट, पकौड़ी, चना, चबैना, पापड़ बेचने वाले दुकानदार पहुंचे हुए थे। किराड़ी से आए भाजपा के बूथ स्तर कार्यकर्ता अवधेश सिंह ने कहा कि फिर से इस बार भाजपा एमसीडी का चुनाव जीतेगी। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का झूठ जान गई है।
विभिन्न मार्ग बंद कर किया गया रूट डायवर्जन
सम्मेलन के लिए बाराखंभा रोड से रंजीत सिंह फ्लाईओवर होते हुए दिल्ली गेट की ओर, गुरु नानक चौक, विवेकानंद मार्ग से मिंटो रोड होते हुए कमला मार्केट, राजघाट से दिल्ली गेट, कमला मार्केट से गुरु नानक चौक, चमन लाल मार्ग को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया था। इन रास्तों पर कार्यकर्ताओं को पैदल जाने की छूट थी। यही हाल पहाड़गंज से अजमेरी गेट की ओर आने वाले मार्ग पर थी, जबकि मिंटो ब्रिज से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाला मार्ग वाहनों के लिए खुला था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मिंटो ब्रिज व दीन दयाल मार्ग होकर बसों की आवाजाही हो रही थी।