आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दिल्ली की राजनीति में खलबली मचा दी है। कुमार विश्वास ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा की ओर से उन्हें दिल्ली का सीएम बनने का ऑफर मिला है।
आप नेता ने कहा कि भाजपा के एक सांसद ने उनसे कहा था कि वह दिल्ली का सीएम बनने को तैयार हो तो दिल्ली में सरकार बनाई जाए।
कुमार विश्वास ने कहा कि 19 मई को उनके मित्र और भाजपा सांसद ने पार्टी में शामिल होने और सीएम बनने का ऑफर दिया था। हालाकि उन्होंने इससे मना कर दिया। कुमार का दावा है कि उन्हें भाजपा दिल्ली के उपचुनाव में उतारने की भी रणनीति बना चुकी थी।
कुमार विश्वास का ये बयान सामने आने के बाद एक सवाल उठा है कि कुमार विश्वास ने अब तक इस मुद्दे को क्यों दबाए रखा।
भाजपा ने किया पलटवार, लगाए आरोप
दिल्ली में सरकार बनाने की कोशिशों और दोबारा चुनाव की संभावना के बीच कुमार विश्वास का ये खुलासा काफी हंगामा खड़ा करने वाला हो सकता है। इस मामले में जब कुमार विश्वास से बातचीत की गई तो उन्होंने उस सांसद का नाम बताने से इंकार कर दिया जिसने उन्हें ऑफर दिया था।
कुमार विश्वास की ओर से दावा किए जाने के बाद भाजपा ने भी पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि 'आप' के नेता लगातार सुर्खियां बटोरने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को गुमराह करने की कोशिश में जुटी आप का ये सपना सच नहीं हो पाएगा।
वहीं, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कुमार विश्वास उस सांसद का नाम बताएं, जिसने ऑफर दिया है।
आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली प्रभारी आशुतोष ने कहा कि भाजपा की डर्टी पॉलिटिक्स का खुलासा हुआ है। आशुतोष ने अपने ट्विटर पर लिखा है कि भाजपा आम आदमी पार्टी को तोड़ना चाहती है।
ऐसे हुआ है इस बात का खुलासा
इस मामले का खुलासा अंग्रेजी अखबार द इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर से हुआ है। इसमें कहा गया है कि भाजपा ने कुमार विश्वास को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने का ऑफर दिया था। साथ ही यह दलील भी दी थी कि अगर कुमार विश्वास सीएम बनने को राजी होते हैं तो उन्हें 'आप' के उन 12 विधायकों का भी साथ मिलेगा जो दोबारा चुनाव कराए जाने के पक्ष में नहीं हैं।
कुमार विश्वास ने बताया कि 19 मई को रात करीब 10:30 बजे भाजपा के सांसद उनके मित्र उनके घर पर आए थे। भाजपा सांसद का कहना था कि वह दिल्ली में पार्टी की सरकार चाहते हैं इसके लिए उन्हें सहयोग की जरूरत है।
कुमार का दावा है कि सांसद ने उन्हें सीएम की कुर्सी ऑफर की और यह भी कहा कि वह पार्टी संगठन के कहने पर ही उनसे मिलने आए हैं। कुमार ने कहा कि उनको यह ऑफर मिला और कहा गया कि अगर राजी हो तो अशोका होटल चलो, जहां इस सिलसिले में विस्तार से बातचीत होगी, लेकिन उन्होंने ऑफर ठ़ुकरा दिया।
कहा जा रहा है कि कुमार विश्वास को ऑफर देने वाले सांसद मनोज तिवारी हैं।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दी सफाई
आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने भाजपा की ओर से सीएम बनने का ऑफर देने वाले सांसद का नाम बताने से इंकार कर दिया है लेकिन टीवी रिपोर्ट के अनुसार ऐसा कहा जा रहा है कि ये ऑफर देने वाले सांसद मनोज तिवारी हैं।
सूत्रों के अनुसार मनोज तिवारी और कुमार विश्वास दोनों की गहरे मित्र हैं। हालांकि इस मामले में सांसद मनोज तिवारी ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा है कि उन्होंने ऐसी कोई भी बात कुमार विश्वास से नहीं की है।
Enke(AAP) din ab gaye,aise shadiyantra karne se janata ab inki sunegi nahi : Manoj Tiwari,BJP MP on K.Vishwas pic.twitter.com/9mRaJ7QPyX— ANI (@ANI_news) August 30, 2014
तिवारी ने कहा कि राजनीति में आने से पहले भी कुमार विश्वास से उनका मिलना-जुलना था और उनके अलावा भी बहुत से कवि उनके मित्र हैं। मैंने ऐसा कोई भी ऑफर नहीं दिया और न ही इस संबंध में कोई मुलाकात की।
इनके (आप) दिन गए। ऐसे षड़यंत्र करने से जनता इनकी सुनेगी नहीं।