भाजपा दिल में-भाजपा दिल्ली में। भाजपा के प्रचार के लिए बजाए गए इस गाने की तरह ही दिल्ली में मोदी लहर चल गई। निगम चुनाव में दिग्गजों को नजर अंदाज कर भाजपा ने सभी 272 नए प्रत्याशियों को उतारा था और जिन 270 सीटों में चुनाव हुआ उनमें से 183 सीटों पर कब्जा कर शानदार जीत हासिल कर तीनों एमसीडी पर कब्जा कर लिया।
दो वर्ष पूर्व अप्रत्याशित जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी को इस चुनाव में गहरा झटका लगा है और वह मात्र 47 सीटें हासिल कर दूसरे नंबर पर रही। कांग्रेस हालांकि 29 सीटें लेकर तीसरे नंबर पर रही लेकिन उसके लिए राहत की बात यह रही कि उसने विधानसभा की अपेक्षा अपने प्रदर्शन में कुछ सुधार किया है लेकिन पिछले एमसीडी चुनावों के आधार पर उसे 48 सीटों का नुकसान रहा।
तीनों एमसीडी में भाजपा को 36.18, आप को 26.23 और कांग्रेस को 21.11 प्रतिशत वोट मिले। भाजपा को हालांकि पिछले चुनावों की अपेक्षा 0.56 प्रतिशत कम वोट मिले, लेकिन सीटे 45 बढ़ गई। एमसीडी चुनावों में कुल 2537 प्रत्याशियों ने भाग्य अजमाया लेकिन 1790 अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। वहीं 48724 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया जो .69 प्रतिशत रहा।