भाजपा ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही चुनावों के लिए शंखनाद कर दिया है, लेकिन उसके सेनापति तैनाती के बाद भी अब तक नहीं दिखे हैं। उन्होंने अब तक कार्यकर्ताओं से मुखातिब होने का भी प्रयास नहीं किया है।
हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा हाईकमान इन चारों राज्यों को गंभीरता से ले रही है। दिल्ली में दशकों से चला आ रहा सत्ता का सूखा खत्म करने के लिए पार्टी ने तीन प्रभारी नियुक्त किए हैं। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर, हरदीप पुरी और केंद्रीय राज्यमंत्री नित्यानंद राय को राजधानी का जिम्मा दिया गया है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली: आईजीआई एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना, 70 मिनट प्रभावित रहीं उड़ानें
इनमें प्रकाश जावेडकर प्रभारी हैं तो बाकी दोनों मंत्री सह प्रभारी। हाईकमान ने दिल्ली के प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू और प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी को भी चुनाव से जुड़ी बराबर जिम्मेदारी सौंपी है। दिल्ली भाजपा के सूत्रों की मानें तो नौ अगस्त को नियुक्ति के तीन दिन गुजरने के बाद भी सेनापति हाईकमान के संपर्क में नहीं हैं। प्रदेश कार्यालय में भी अभी इनके मार्गदर्शन में कोई बैठक नहीं हुई है। हालांकि इस मामले में जिम्मेदार नेताओं ने भी फिलहाल चुप्पी साधी हुई है। वहीं कुछ नेताओं का कहना है कि दो-तीन दिन से व्यस्त होने के कारण 15 अगस्त के बाद पार्टी प्रदेश कार्यालय में सभी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक होगी।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी मां-बेटियों को पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा, पीड़िताओं ने अमर उजाला को कहा- धन्यवाद
उधर, बताया जा रहा है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच अब उम्मीदवारी को लेकर भी चर्चाएं जोर पकडने लगी हैं। इन कार्यकर्ताओं को जल्द से जल्द प्रभारी से मुलाकात करने के साथ ही अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों को उन तक पहुंचाने की उत्सुकता है। बहरहाल, चुनाव प्रभारी के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद ही धरातल पर संगठन की सक्रियता दिख सकती है।