फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिसाहड़ा बवाल: कोर्ट में दाखिल हुई मांस की फॉरेंसिक रिपोर्ट

Wed, 06 Apr 2016 12:13 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
दादरी
विज्ञापन
बिसाहड़ा गांव में मिले मांस की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट जारचा पुलिस ने सील बंद लिफाफे में जिला न्यायालय में पेश कर दी है। बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई होनी है। आरोपी पक्ष के वकील ने रिपोर्ट की नकल हासिल करने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई है। इस संबंध में न्यायालय ने अभी तक कोई आदेश नहीं दिया।
विज्ञापन


28 सितंबर 2015 को इकलाख के घर के फ्रिज से मांस मिला था। उसे जांच के लिए पशु चिकित्सक दादरी के पास भेजा गया। पशु चिकित्सक ने रिपोर्ट जारचा थाना पुलिस को दिसंबर में ही दे दी थी। रिपोर्ट पर बड़ी लैब से दूसरी जांच रिपोर्ट की राय देने के लिए उस मांस के सैंपल को मथुरा की फॉरेंसिक लैब में भेजा। मथुरा की लैब ने पिछले दिनों रिपोर्ट पुलिस को भेज दी। इसके बावजूद रिपोर्ट को कोर्ट में दाखिल नहीं किया गया था। यही नहीं रिपोर्ट का चार्जशीट में भी उल्लेख नहीं किया गया।

वहीं, इस मामले में 1 अप्रैल को सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने मांस की रिपोर्ट हासिल करने की मांग जिला न्यायालय में रखी। न्यायालय ने थाना पुलिस से मांस की रिपोर्ट 7 अप्रैल को सुनवाई से पहले 6 अप्रैल तक प्रस्तुत करने के आदेश दिए। जारचा पुलिस ने  4 अप्रैल को ही एक लिफाफे में मोहर के साथ सील बंद कर रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी। रिपोर्ट में क्या आया इसको लेकर अभी गोपनीयता बनाई हुई है। कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन


ग्रामीणों ने की थी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
लैब से मांस की रिपोर्ट आने के बाद भी उसको केस का हिस्सा नहीं बनाने से नाराज ग्रामीणों ने साठा चौरासी की महापंचायत करने के लिए 10 अप्रैल का दिन तय किया था। महापंचायत टालने के लिए जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से फॉरेंसिक रिपोर्ट कोर्ट में दायर करने का आश्वासन दिया था।

कल होगी बिसाहड़ा कांड पर सुनवाई
बिसाहड़ा कांड पर जिला न्यायालय में 7 अप्रैल को सुनवाई होनी है। इसमें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतमबुद्ध नगर के लिपिक से नकल दिए जाने के संबंध में आख्या मांगी है। अभियुक्त रविंद्र को अपना वकालतनामा दाखिल कराना है। वहीं, फॉरेंसिक रिपोर्ट दाखिल करने के लिए पुलिस को 6 अप्रैल तक का समय दिया था। न्यायालय के आदेश के चलते ही पुलिस ने 4 अप्रैल को ही रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी।

सीबीआई जांच पर हाईकोर्ट में आज सुनवाई 
बिसाहड़ा कांड की जांच में पुलिस पर राजनीतिक दबाव का आरोप लगाते हुए संजय सिंह ने सीबीआई से जांच कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। सुनवाई के दौरान कोर्ट में प्रदेश सरकार पक्ष रखेगी। हालांकि बीते सोमवार को ही सरकार इस मामले में सीबीआई जांच कराने की रजामंदी दे चुकी है। सीबीआई से जांच कराने को लेकर 18 आरोपियों समेत बिसहाड़ा गांव के लोगों भी मांग करते रहे हैं। हाईकोर्ट के फैसले का ग्रामीणों को इंतजार है।

अरुण की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई आज
आरोपी अरुण की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए हाईकोर्ट में आज की तारीख लगी है। गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। जमानत के लिए अरुण की ओर से हाईकोर्ट में गुहार लगाई गई थी।

मांस की फॉरेंसिक रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल कर दी है। आरोपी पक्ष के वकील रामशरण नागर ने फॉरेंसिक रिपोर्ट की नकल लेने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है। कोर्ट का आदेश होने पर ही नकल मिल पाएगी। 
विज्ञापन

- अनुराग सिंह, सीओ
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें