नोएडा सेक्टर 62 के पास एनएच-24 पर एक बाइक सवार ने बृहस्पतिवार को पैदल जा रहे एक शख्स को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाइक सवार ही घायल को शांति गोपाल अस्पताल लेकर गया। मगर अस्पताल द्वारा एडवांस जमा करने की बात कहने पर युवक भाग गया।
उधर, समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण घायल ने तड़प कर दम तोड़ दिया। वहीं, परिजनों ने सेक्टर 58 थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान प्रशांत चौहान के रूप में हुई है।
इंस्पेक्टर पंकज राय के मुताबिक, गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी रामचंद्र जोशी (42) सेक्टर 18 स्थित एक कंपनी में लेखाकार थे। रोज की तरह वह सुबह नौ बजे घर से कार्यालय निकले थे। वह एनएच 24 पर उतर कर दूसरा ऑटो पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
एक ही कॉलोनी में रहने की वजह से आरोपी ने रामचंद्र को पहचान लिया। वह उसे ऑटो में डालकर अस्पताल ले गया। मगर एडवांस मांगे जाने पर बिना परिजनों को सूचना दिये वह भाग खड़ा हुआ। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने पैसे जमा नहीं होने पर इलाज नहीं किया।
जिसकी वजह से रामचंद्र की मौत हो गई। कंपनी नहीं पहुंचने पर वहां लोगों ने परिजनों से बात की। पता चला कि रामचंद्र सुबह ही निकल गये थे। उनके नंबर पर फोन किया मगर वह बंद था। परेशान परिजनों ने रामचंद्र की तलाश शुरू की। मगर 12 घंटे बाद परिजनों को उनकी मौत का पता चला।
सीसीटीवी से हुई पहचान
परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में प्रशांत दिख रहा है। परिजनों ने युवक पर टक्कर मारने और अस्पताल पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसने टक्कर मारी है या नहीं इस बात की जांच की जाएगी। साथ ही अस्पताल की लापरवाही की भी जांच होगी।
पर्स और मोबाइल भी गायब
परिजनों ने बताया कि रामचंद्र का मोबाइल और पर्स दोनों गायब है। मोबाइल की आखिरी लोकेशन दिल्ली थी। पर्स और मोबाइल चोरी होने की वजह से पुलिस व डॉक्टर पहचान नहीं कर सके। जिससे 2 घंटे बाद जानकारी मिल पाई। समय से जानकारी मिलती तो इलाज के अभाव में रामचंद्र की मौत नहीं होती। पुलिस को आशंका है कि हादसे के बाद किसी ने पर्स और मोबाइल उठा लिया होगा। इसकी भी जांच की जाएगी।
आज करेंगे डीएम से शिकायत
इंदिरापुरम स्थित अस्पताल के खिलाफ परिजनों ने शनिवार को डीएम गाजियाबाद से शिकायत करने की बात कही है।