बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर को दबोचा है, जो बाइक चोरी कर कुएं में छिपा देता था। कुछ बाइक को वह खेतों में छिपाता था। चोरी का मामला ठंडा हो जाता तो वह बाइक को कुएं से निकालकर बेच देता था।
पुलिस ने इस वाहन चोर राजू उर्फ छोटू (32) को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।
द्वारका डीसीपी एंटो अल्फोंसे के अनुसार, बाबा हरिदास नगर थाना इलाके में वाहन चोरी की बढ़ती वारदात को देखते हुए बाबा हरिदास नगर थानाध्यक्ष सीआर मीणा की देखरेख में इंस्पेक्टर प्रभांशु ने अभियान चलाया।
इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के बाद पिकेट चेकिंग कराई गई। हवलदार जितेंद्र को मिली एक सूचना के बाद पुलिस ने अनाज मंडी नजफगढ़ की तरफ लगी पिकेट पर खास चौकसी रखी।
इसी दौरान स्कूटी पर आया एक युवक पुलिस को देखकर यू-टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर आरोपी राजू को दबोच लिया। वह शराब पीने व ड्रग्स लेने का आदी है। इन्हें खरीदने के लिए वह वाहन चोरी करता था।