साइबर क्राइम करने वालों ने अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की फर्जी वेबसाइट तैयार कर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम शुरू कर दिया है। यह फर्जी वेबसाइट है www.rbi-inonline-org बनाई है। जबकि आरबीआई की ऑफिशियल वेबसाइट www.rbi.org.in है।
फर्जी वेबसाइट के जरिये ईमेल भेजी जा रही हैं, जिसमें आवेदकों से सेविंग अकाउंट खोलने, एटीएम से संबंधित जानकारी देने और पर्सनल डिटेल मांगी जा रही है। आरबीआई ने बैंक के अकाउंट होल्डर को सचेत करने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
साइबर क्राइम करने वाले अपराधी इंटरनेट बैंकिंग के जरिये लोगों को हजारों रुपये का चूना लगाते हैं। ताजा मामला रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का है। आरबीआई की एक फर्जी वेबसाइट बनाई गई है।
इस वेबसाइट के जरिये लोगों के बैंक अकाउंट की पूरी डिटेल मांगी जा रही है। आरबीआई की प्रिंसिपल चीफ जनरल मैनेजर अल्पना खिलवाल के मुताबिक वेबसाइट के माध्यम से लोगों को सेविंग अकाउंट खोलने के साथ उनके किस-किस बैंक में अकाउंट हैं, उनका नंबर, एड्रेस, पैन कार्ड नंबर समेत कई अन्य जानकारियां मांगी जा रही है।
यह इंटरनेट फ्रॉड है। इसलिए इससे सभी को सचेत रहने की जरूरत है। आरबीआई ने एडवाइजरी जारी की हैं। इसमें लोगों से अपील की गई है कि वह ऐसी किसी ईमेल का जवाब न दें और न ही किसी अंजान व्यक्ति के फोन कॉल पर अपने बैंक की डिटेल बताएं।