नीति खंड दो में ठगों ने इलेक्ट्रॉनिक शॉप संचालक के खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित एटीएम से पैसे निकालकर कुछ दूर ही पहुंचे थे कि उनके मोबाइल पर पैसे निकलने का एसएमएस आया। पुलिस ने शिकायत लेकर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
नीति खंड दो निवासी मकसूद आलम की दिल्ली के कृष्णा नगर में इलेक्ट्रॉनिक शॉप है। शनिवार सुबह वह मंगल बाजार के पास स्थित एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने करीब 10 हजार रुपये एटीएम से निकाले।
उन्होंने दोबारा पैसे निकालने के लिए एटीएम में अपना कार्ड डाला तो स्क्रीन ब्लैक हो गई। वह ट्रांजेक्शन कैंसल करके वापस घर जाने लगे। एटीएम से चंद कदम की दूरी पर पहुंचे थे कि उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके अकाउंट से 20 हजार रुपये निकल गए हैं।
वह फौरन एटीएम गए लेकिन वहां कोई नहीं मिला। जिसके बाद वह बैंक गए और एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बाद उन्होंने थाना इंदिरापुरम में ठगी की शिकायत दी है।
मकसूद आलम ने बताया कि जिस वक्त वह एटीएम से पैसे निकाल रहे थे, तब बाहर तीन युवक खड़े हुए थे। उन्हें शक है कि उन युवकों ने ही रकम निकाली होगी। एसओ इंदिरापुरम ने बताया कि शिकायत लेकर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।