ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित सिटी पार्क के पास शनिवार रात एक बैंड मास्टर को उसके रिश्तेदार ने पीट-पीट कर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे मरा हुआ समझ कर आरोपी फरार हो गया।
काफी देर बाद होश में आने पर बैंड मास्टर ने थाने में मामले की तहरीर दी है। बैंड मास्टर जाहिद ने बताया कि उसकी भांजी का शादीशुदा ननदोई भांजी से शादी करना चाहता है।
इसका विरोध करने पर वह आए दिन मारपीट और जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसकी भांजी की शादी करीब आठ साल पहले हो चुकी है और उसके पिता नहीं हैं। भांजी के ननदोई ने उसके पति से भी विवाद करा दिया।
अब वह अपने पति से अलग रह रही है। जाहिद ने बताया कि आरोपी उसकी भांजी की तलाश में आया था। पता न चलने पर उसे जान से मारने की कोशिश की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।