बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस का दिल्ली में पहला थाना बनने का मुख्य कारण अतिक्रमण को हटाना है। नजफगढ़ टी पाइंट पर झरौदा रोड पर 30 वर्षों से सब्जी मंडी लगती थी। इस कारण यहां सड़क दुर्घटना होती थी और जाम लगता था। बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने इस अवैध रूप से लग रही इस सब्जी मंडी को हटवाया। सब्जी मंडी के हटने से स्थानीय लोग काफी खुश हैं।
बाबा हरिदास नगर थाने के थानाध्यक्ष छोटूराम मीणा 24 घंटे सातों दिन थाने के अंदर ही रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह जयपुर, राजस्थान के रहने वाले हैं। दिल्ली में उनका कोई घर नहीं है। इस कारण वह हमेशा थाने में ही रहते हैं। छोटूराम मीणा ने बताया कि उनकी कोशिश रहती है कि उनके थाने में आया कोई शिकायतकर्ता वापस न जाए। वह थाने से खुश होकर जाए।
बाबा हरिदास नगर थाना वर्ष 2010 में बना था। पहले ये झरौदा रोड, नजफगढ़ में किराए की बिल्डिंग में चल रहा था। 10 जनवरी, 2014 को थाना तत्कालीन वाली जगह पर शिफ्ट हो गया। फिलहाल ये थाना पोटा कैबिन में चल रहा है। इस थाने में कुल 216 स्फाट की जरूरत है। मगर थाने में अभी 117 पुलिसकर्मी ही है। इंस्पेक्टर तीन हैं। इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मी पीएसओ के रूप में ड्यूटी कर रहे हैं।
पोटा कैबिन में चल रहे बाबा हरिदास नगर थाने में शिकायत करने आने वाले लोगों के लिए सभी सुविधाएं हैं। आरओ वाला पानी, स्वच्छ टॉयलेट व बैठने के लिए कुर्सियां हैं। हेल्प डेक्स बनी हुई है। कोई भी व्यक्ति मिलने आता है तो पुलिसकर्मी उसे तुरंत अटेंड करते हैं।
बाबा हरिदास नगर थाना इलाके में महिलाओं के प्रति अपराध बहुत ही कम हुआ है। महिलाओं के प्रति जो अपराध हुआ वह तुरंत सुलझा लिया गया है। बाबा हरिदास नगर थाने में एक जनवरी से लेकर पांच दिसंबर दुष्कर्म के 13, छेड़छाड़ के 24 और छेडख़ानी का एक और वाहन चोरी के 133 मामले दर्ज हुए हैं।
बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस ने दुष्कर्म के सभी 13, छेड़छाड़ के 19, छेडख़ानी का एक और वाहन चोरी के 35 मामलों को सुलझा लिया है। वर्ष 2014 में दुष्कर्म के 21, छेड़छाड़ 11, ईव टीचिंग का एक और वाहन चोरी के 182 मामले दर्ज हुए थे।