समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने ईडी की अभिरक्षा में एक बयान दिया है। उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा देना अपराध था। आजम खां ने बताया कि उन्होंने एक विश्वविद्यालय और कई स्कूल बनाए। उनके अनुसार, एक मुस्लिम द्वारा शिक्षा का मंदिर बनाना ही गलती थी। उन्होंने अपने इन प्रयासों को अपराध बताया। ईडी कोर्ट से मिली चार दिन की रिमांड पर आजम खां को लखनऊ लेकर जा रही है।
जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आजम खां को ईडी की विशेष अदालत ने चार दिन की रिमांड पर भेजा है। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे ईडी की टीम फोर्स के साथ डासना स्थित जिला कारागार पहुंची और आजम खां को अपनी अभिरक्षा में लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि ईडी के अधिकारियों ने जिला कारागार में कोर्ट के आदेश तामील कराए।
13 नवंबर को आजम को अदालत में होना था पेश
ईडी ने आजम खां से पूछताछ के लिए अदालत में अर्जी लगाकर पांच दिन की रिमांड मांगी थी। पीठासीन अधिकारी अवनीश कुमार के अवकाश पर होने से संबंद्ध कोर्ट में सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने रिमांड पर भेज दिया। आजम को ईडी अदालत ने एक नवंबर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजा था, 13 नवंबर को जेल से अदालत में पेश होना था, उसके पहले ही ईडी ने अदालत से चार दिन की रिमांड पर ले लिया।
आज ही सपा महासचिव शिवपाल यादव ने जेल में आजम से की मुलाकात
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव फायर ब्रांड नेता शिवपाल सिंह यादव ने बृहस्पतिवार यानी आज ही डासना स्थित जिला कारागार पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ, कद्दावर नेता आजम खान से मुलाकात की। जेल से बाहर आने के बाद शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए जेल प्रशासन की व्यवस्था और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया।
मुलाकात के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने जेल की व्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति 10 बार विधायक, 4 बार मंत्री और 2 बार सांसद रह चुका हो, उसके साथ जेल में प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन करते हुए अमानवीय बर्ताव किया जा रहा है। शिवपाल ने आरोप लगाया कि उन्हें आजम खान से लोहे की जाली (वायर मेश) के पार से मिलवाया गया।