यदि आप अपने बेटे-बेटी की शहनाई बजवाने की सोच रहे हैं तो जल्दी करें, क्योंकि इस वर्ष अब सिर्फ 55 दिन ही इसके लिए शुभ मुहूर्त हैं। जून में सर्वाधिक 17, जबकि नवंबर में मात्र एक दिन का लगन है। इस शुभ लग्न की शुरुआत 16 अप्रैल से हो चुकी है।
ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, अगस्त, सितंबर व अक्तूबर में शादी के लिए कोई लगन नहीं बन रहा। नवंबर में केवल एक दिन यानी 30 नवंबर को ही मुहूर्त है, जबकि दिसंबर में नौ दिन का योग है। इसमें 1, 2, 5, 6, 7, 12, 13, 14 व 15 को शादियां की जा सकती हैं।
राशि व कुंडली का मिलान जरूरी
ज्योतिषाचार्य वैभव वशिष्ठ के मुताबिक, पंचांग के अनुसार शादी के लिए इस वर्ष सिर्फ 55 दिन शेष शुभ मुहूर्त तो है, लेकिन इसके साथ-साथ लड़का-लड़की की राशि व जन्म कुंडली का मिलान कराना जरूरी है।
जन्म पत्रिका के अनुसार, दोनों की चंद्रराशि से मिलान करके गुण-दोष की जानकारी की जा सकती है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, चैत्र मास समाप्त होने के साथ ही देवउत्थान शुरू हो गया है। इसी के साथ विवाह के लिए मुहूर्त बनने लगे हैं।
ये हैं वो 55 दिन
सेक्टर-33 निवासी ज्योतिषाचार्य वैभव वशिष्ठ व एनआईटी-5 स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर के आचार्य संतोष जी महाराज ने बताया कि अप्रैल में शादी के लिए लगन 9 दिन है। इनमें 16, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 26 व 27 अप्रैल का दिन है।
मई में शादी के लिए 15 दिन का योग है। इसमें 1, 2, 7, 8, 10, 11, 13, 15, 17, 19, 23, 24, 25, 29 व 30 मई को विवाह समारोह का आयोजन किया जा सकता है।
जून में विवाह का सर्वाधिक 17 दिन का शुभ मुहूर्त बन रहा है। इस महीने में 4, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15, 19, 20, 21, 24, 25 व 26 जून शुभ हैं, जबकि जुलाई में 5 दिन का योग बना है। इसमें 1, 2, 3, 4 व 5 जुलाई को विवाह का आयोजन किया जा सकता है।