सेक्टर-20 इलाके में कार का शीशा तोड़ कर लैपटॉप बैग उड़ाने वाले दो बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने सेक्टर-20 थाने में हाथ की नस काटकर खुदकुशी की कोशिश की। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से इलाज के बाद उसे पुलिस ने जेल भेज दिया।
ग्रेटर नोएडा निवासी कपड़ा व्यवसायी अशोक मित्तल शुक्रवार सुबह सेक्टर-25 स्थित अपनी दुकान पर आए हुए थे। उन्होंने अपनी कार मार्केट के बाहर पार्किंग में खड़ी कर दी। इसी दौरान दो बदमाश कार के पास पहुंचे और शीशा तोड़कर एक लैपटॉप बैग व सूटकेस चोरी कर भागने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें दौड़ा दिया। एक बदमाश भागने में सफल रहा जबकि दूसरे को लोगों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए बदमाश की पहचान मदनगिरी दिल्ली निवासी सूरज उर्फ विशाल के रूप में हुई।
थाना प्रभारी सेक्टर-20 अमरनाथ यादव का कहना है कि बदमाश को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। जहां पता चला कि उसने कुछ अन्य कारों के शीशे भी तोड़े हैं। लोगों ने इसकी लिखित शिकायत भी पुलिस से की। पुलिस ने मामला दर्ज कर सूरज को हवालात में डाल दिया। दोपहर में अचानक उसने शोर मचाना शुरू किया।
पुलिस ने हवालात में देखा कि उसने हाथ की नस काटकर खुदकुशी का प्रयास किया है। पुलिस ने फौरन उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।