हवलदार सुनील शालीमार बाग ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं। शुक्रवार को उसकी तैनाती प्रेमबड़ी पुल पर थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे एक आई10 कार आई। कार में चार लोग सवार थे। चालक और बगल वाली सीट पर बैठे युवकों ने बेल्ट नहीं लगा रखी थी। ये देखकर हवलदार ने चालक को कार रोकने का इशारा किया।
चालक ने कार की रफ्तार को धीमा कर दिया, लेकिन हवलदार के पास आते ही तेजी से भगाने की कोशिश की। टक्कर लगने से सुनील उछलकर कार के बोनट पर गिर गया और वाइपर पकड़कर खुद को बचाया।
इस दौरान चालक हवलदार को गिराने का प्रयास करता रहा। कुछ दूर जाने के बाद हवलदार कार से नीचे गिरकर घायल हो गया। इसके बावजूद सुनील ने बाइक सवार की मदद लेकर कार का पीछा किया और कार को नहर के कच्चे रास्ते की ओर ले जाकर भागने लगा।
करीब आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिसकर्मी ने कार को रुकवा लिया। मौके पर पहुंची शालीमार बाग थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल हवलदार का इलाज करवाने के बाद उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।