घटना दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके की है। बाइक सवार हमलावरों ने कारोबारी के घर पर गोलीबारी की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मौके पर छानबीन के दौरान पांच खोखे मिले हैं। पुलिस कारोबारी के घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पंजाबी बाग इलाके में एक कारोबारी के घर पर बाइक सवार बदमाशों गोलीबारी कर दी। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरूआती जांच में पता चला है कि कुछ दिन से कारोबारी को फोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही थी। कारोबारी की बहू की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं कर पाई है। पुलिस कारोबारी के घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
घटना को लेकर पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है। पीड़ित कारोबारी अपने परिवार के साथ पंजाबी बाग इलाके में रहता है। मंगलवार दोपहर कारोबारी की बहू दूसरी मंजिल की बालकनी पर गमले में पानी दे रही थी। इसी दौरान घर के बाहर गोली चलने की आवाज सुनी। उसने नीचे एक युवक को गोली चलाते हुए देखा। गोली चलाने के बाद हमलावर सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े साथी के पास पहुंचा और बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
महिला ने घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को दी और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मौके पर छानबीन के दौरान पांच खोखे मिले हैं। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ की है। जिसमें पता चला कि कारोबारी को पिछले कुछ दिन से धमकी भरे फोन कॉल आ रहे थे। लेकिन उन्होंने किसी की शरारत समझकर इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी। परिवार वाले भी इसपर कुछ खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। आशंका है कि बदमाश कारोबारी से उगाही का प्रयास कर रहे थे। पैसे नहीं मिलने पर बदमाशों ने घर के बाहर गोलीबारी कर दहशत फैलाने की कोशिश की है। पुलिस कारोबारी के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।