बुलंदशहर के शिकारपुर में दहेज उत्पीड़न के आरोपियों को गिरफ्तार करने आई यूपी और दिल्ली पुलिस की टीम पर जाफराबाद इलाके में आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने अपने घर की छत पर चढ़कर पथराव किया। इसमें जाफराबाद थाने में तैनात एक एएसआई रविंदर का सिर फूट गया, जबकि यूपी पुलिस के एसआई सुखपाल जख्मी हो गए।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद जाफराबाद थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर आरोपी हरिदत्त शर्मा और उसके दो बेटों धनेश व भूपेश को काबू किया गया। बाद में, जाफराबाद थाने में एएसआई रविंदर की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा और ड्यूटी के दौरान जानलेवा करने का मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हरिदत्त शर्मा और उसके परिवार के खिलाफ बुलंदशहर के शिकारपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज है। शुक्रवार को यूपी पुलिस की एक टीम जाफराबाद पहुंची और थाने में सूचना दी।
इसके बाद संयुक्त टीम आरोपियों के घर पहुंच गई। आरोपियों ने पुलिस टीम को आता देखा तो वे अपने घर की छत पर पहुंच गए। आरोपियों के परिवार ने वहां से पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। जैसे-तैसे पुलिसकर्मियों ने जान बचाई। रविंदर ने सूचना थाने में दी।
इस बीच और स्टाफ वहां पहुंचा। एएसआई रविंदर और यूपी पुलिस के एसआई सुखपाल को जख्मी हालत में जगप्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। जाफराबाद थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।