रविशंकर प्रसाद ने केजरीवाल पर कसा तंज
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को दिल्ली शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा और कहा कि उनकी स्पष्ट मंजूरी के साथ इतना बड़ा घोटाला नहीं हो सकता था।
प्रवर्तन निदेशालय ने कथित शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए सीएम केजरीवाल को 2 नवंबर को तलब किया है। जिसके एक दिन बाद भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि जैसी करनी वैसी भरनी। जो आप बोएंगे वही तो आप काटेंगे। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के आरोपों पर कहा कि यह केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी है, जो अपने कुकर्मों, भ्रष्टाचार और घोटालों से खुद को खत्म कर रही है।
जांच से भाजपा का आप पार्टी से कोई लेना देना नहीं
प्रेस वार्ता के दौरान प्रसाद ने दावा किया कि भाजपा का आप के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई से कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में कानूनी प्रक्रिया अपने हिसाब से चल रही है। एजेंसियां क्या करती हैं, यह हमारी चिंता का विषय नहीं है। यह उन्हें तय करना है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अरविंद केजरीवाल से कुछ सवाल पूछे हैं...
1. आपने आबकारी नीति क्यों बदली?
2. क्या मंत्री समूह की बैठक का कोई रिकॉर्ड है?
3. टैक्स की दर 12 फीसदी तक क्यों बढ़ाई गई?
4. अगर पॉलिसी अच्छी और कारगर मानी गई थी तो उसे महज 10 महीने में ही खत्म क्यों कर दिया गया?