- भारत मंडपम में शुरू होगी तीन दिवसीय प्रदर्शनी, भारतीय रेल और दुनिया भर की कंपनियां दिखाएंगी आधुनिक तकनीकी नवाचार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय उद्योग परिसंघ की ओर से एशिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय रेलवे उपकरण प्रदर्शनी इंटरनेशनल रेलवे इक्विपमेंट एग्जिबिशन (आईआरईई) 2025 का आयोजन 15 से 17 अक्तूबर तक भारत मंडपम में किया जाएगा। भारतीय रेल के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी में देश-विदेश की अग्रणी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसका उद्देश्य रेलवे क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकों, सतत विकास और स्मार्ट मोबिलिटी को प्रोत्साहित करना है।
भारतीय उद्योग परिसंघ व्यापार मेला परिषद के अध्यक्ष बी. थियागराजन ने कहा कि आईआरईई भारतीय रेल और वैश्विक उपकरण निर्माताओं के बीच सहयोग का एक सशक्त मंच है। सैनमार मैट्रिक्स मेटल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नारायण सेथुरामन ने कहा कि भारतीय रेल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सच्ची भावना को दर्शाती है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और हरित समाधानों जैसी आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।